भोपाल – अभाविप के ‘अराजकता रोको, लोकतंत्र अपनाओ’ आह्वान पर विद्यार्थी हुंकार प्रदर्शन
VSK Bharat
भोपाल, 24 अक्तूबर।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), भोपाल महानगर द्वारा अटल पथ, टी.टी. नगर में ‘अराजकता रोको, लोकतंत्र अपनाओ’ आह्वान के अंतर्गत विद्यार्थी हुंकार प्रदर्शन का आयोजन किया गया। प्रदर्शन में अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी एवं मध्यभारत प्रांत के प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी उपस्थित रहे। प्रदर्शन में विद्यार्थियों ने सहभागिता कर लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
विद्यार्थियों ने रैली निकालकर ‘अराजकता रोको, लोकतंत्र अपनाओ’ का संदेश दिया। रैली के माध्यम से आह्वान किया गया कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था संविधान, कानून और जनता के मताधिकार पर आधारित है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध का अधिकार महत्वपूर्ण है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं को दबाव में लाने तथा अराजकता के माध्यम से राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति करने के प्रयास स्वीकार्य नहीं हैं। निर्वाचन प्रक्रिया अथवा किसी भी संवैधानिक व्यवस्था से संबंधित शिकायतों का समाधान संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रियाओं के माध्यम से किया जाना चाहिए।
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सोलंकी ने कहा कि राष्ट्रीय विचार के युवाओं की ताकत का उदाहरण है कि एक समय जिनके कार्यकाल में मध्य प्रदेश दुर्व्यवस्था का उदाहरण था, स्कूल-कॉलेज में पढ़ते समय होमवर्क करने के लिए चिमनी में पढ़ना पड़ता था। आज वही मध्य प्रदेश आगे बढ़ रहा है और एक ऐसे व्यक्ति, जो राम के विरोधी रहे हैं, जो राम मंदिर के विरोधी रहे हैं, जो सनातन के विरोधी रहे हैं, जो राष्ट्र के विरोधी रहे हैं, उन्हें भी आज सनातन यात्रा करनी पड़ रही है। यह युवाओं की ताकत है।
अभाविप के प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी ने कहा कि – आज कुछ लोग भारत को बांग्लादेश बनाने का स्वप्न देख रहे हैं, देश को अराजकता की ओर ढकेलने का षडयंत्र रच रहे हैं, परन्तु भारत की युवा शक्ति इनके षड्यंत्रों को भलीभांति समझती है। आज हाथ में तिरंगा लेकर जंतर मंतर पर ढोंग रचने वाले कश्मीर में जब आतंकियों द्वारा तिरंगा जलाया गया, तब कहाँ थे? नेहा बोरा उसी AISA संगठन की अध्यक्ष हैं जो आतंकवादियों के समर्थन में मार्च निकालता है। भारत के अंदर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है, लोकतांत्रिक व्यवस्था को खंडित करने का प्रयास कर रही है। परंतु भारत की युवा पीढ़ी एवं नागरिकों की आस्था यह भारत की संवैधानिक व्यवस्था पर अडिग है और वह इन देशद्रोहियों के सपनों को कभी साकार नहीं होने देंगे।
अभाविप का मानना है कि भारत का लोकतंत्र जनता के विश्वास, मताधिकार और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता पर आधारित है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक एवं वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन उनका समाधान संवैधानिक मर्यादाओं के अंतर्गत ही होना चाहिए। संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में विश्वास रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
The post भोपाल – अभाविप के ‘अराजकता रोको, लोकतंत्र अपनाओ’ आह्वान पर विद्यार्थी हुंकार प्रदर्शन appeared first on VSK Bharat.
تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا
اقرأ على الموقع الرسمي

تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا