Get it on Google Play تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا اقرأ على الموقع الرسمي

PCB ने बिना बाबर आजम को बताए बदल दिए 7 खिलाड़ी, कप्तान का खुलासा (Video)

समाचार


पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आज़म ने कहा है कि लॉर्ड्स टेस्ट के बाद पाकिस्तान की टीम में जो बड़े बदलाव किए गए, उसके बारे में न तो उन्हें कोई जानकारी थी, न ही उनसे कोई राय ली गई और न ही उनकी मंज़ूरी ली गई। एजबेस्टन में तीसरे टेस्ट से एक दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कई मौक़ों पर माहौल थोड़ा तनावपूर्ण दिखा। टीम में हुए बदलावों पर बाबर ने बहुत कम बात की और इसके बजाय उन्होंने कहा कि टीम में आए नए खिलाड़ियों के लिए यह एक 'सुनहरा मौक़ा' है।

बाबर ने माना कि इन बदलावों से वह भी उतने ही हैरान थे, जितने टीम से बाहर के लोग। उन्हें टीम में हुए बड़े बदलावों के बारे में तभी पता चला, जब आधिकारिक बयान जारी किया गया। बाबर ने कहा, "यह मेरे लिए भी नई ख़बर थी। मुझे बाद में पता चला। यह फ़ैसला PCB ने लिया है, इसलिए वही इसके बारे में बेहतर बता सकते हैं।

उन्होंने आगे कहा, "PCB ने यह फ़ैसला कुछ सोच-विचार के बाद ही लिया होगा। ऐसा क्यों किया गया, यह आप उन्हीं से पूछें तो बेहतर होगा।"

लॉर्ड्स में पाकिस्तान की हार के अगले ही दिन PCB ने घोषणा की कि टीम से सात खिलाड़ियों को वापस भेज दिया गया है। इसके अलावा मुख्य कोच सरफ़राज़ अहमद और गेंदबाज़ी कोच उमर गुल को भी हटा दिया गया। उनकी जगह सात नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया, जिनमें से पांच ने अब तक टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला है।

PCB के फैसले से हैरान थे बाबर

बाबर ने इस बात को ज़्यादा तवज्जो नहीं दिया कि इन फ़ैसलों की वजह से उनके लिए यह हफ़्ता मुश्किल रहा, लेकिन उन्होंने माना कि वह "हैरान" ज़रूर थे। पाकिस्तान के मौजूदा चयन ढांचे के मुताबिक़, कम से कम सैद्धांतिक तौर पर कप्तान को ऐसे फ़ैसलों की जानकारी होनी चाहिए। इसी तरह PCB ने पिछले हफ़्ते घोषणा की थी कि, मीडिया में खिलाड़ियों के अनुशासन और व्यवहार को लेकर आई रिपोर्टों के बाद वह जांच शुरू कर रहा है। बाबर ने कहा कि इस मामले में भी उनके पास कोई नई जानकारी नहीं है।

इसके बजाय बाबर ने वही बात दोहराई, जो उनके नए टेस्ट कोच माइक हेसन और ऐश्ली नॉफ़्के पिछले कुछ दिनों से कहते आ रहे हैं। उनका पूरा फ़ोकस इस हफ़्ते होने वाले टेस्ट पर है, न कि इस पर कि पहले क्या हुआ था या फिर यह दौरा ख़त्म होने के बाद क्या होगा।

लॉर्ड्स में 194 रन की हार के बाद पाकिस्तान के हाई-परफ़ॉर्मेंस डायरेक्टर आक़िब जावेद ने इस सीरीज़ में पाकिस्तान के टीम चयन की काफ़ी आलोचना की थी। हालांकि बाबर ने पहले दोनों टेस्ट में टीम के फ़ैसलों का बचाव किया।

Pakistan captain Babar Azam says he wasn't involved in the wholesale changes made ahead of the final Test against England. pic.twitter.com/DvNsq8n8v1

— Test Match Special (@bbctms) September 8, 2026
उन्होंने कहा, "एक टीम के तौर पर हमने तीनों विभागों में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। और जब नतीजे आपके पक्ष में नहीं आते हैं तो बाहर से काफ़ी आलोचना होती है। लेकिन उस समय हमें जो सबसे बेहतर लगा, हमने वही किया। हमने पिच और परिस्थितियों को जिस तरह समझा और उसके मुताबिक़ हमें जिन खिलाड़ियों के साथ उतरना सबसे बेहतर लगा, हमने उन्हीं को अंतिम ग्यारह में रखा। लेकिन हमें न तो नतीजे मिले और न ही वैसा प्रदर्शन हुआ, जिसकी हम ख़ुद से उम्मीद करते हैं।"

पाकिस्तान की अंतिम ग्यारह क्या होगी?

टीम में इतने सारे नए चेहरे होने के कारण पाकिस्तान की अंतिम ग्यारह क्या होगी, इसका अंदाज़ा लगाना भी मुश्किल है। हालांकि बाबर ने कहा कि इस टीम के सीनियर खिलाड़ियों पर प्रदर्शन करने की बड़ी ज़िम्मेदारी होगी। इसमें ख़ुद बाबर भी शामिल हैं, जिन्होंने लॉर्ड्स में 8 और 6 रन बनाए थे। हाथ की चोट के कारण वह हेडिंग्ले में पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे। इस टीम के किसी भी खिलाड़ी ने अब तक एजबेस्टन में टेस्ट मैच नहीं खेला है।

उन्होंने कहा, "जब भी आप किसी सीरीज़ या टूर्नामेंट में उतरते हैं तो आपको ख़ुद पर भरोसा होता है कि आप अच्छा प्रदर्शन करेंगे। एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर आपको ज़्यादा ज़िम्मेदारी लेनी होती है। मेरा पूरा मानना है कि मुश्किल परिस्थितियों में आपको मिले मौक़ों का फ़ायदा उठाकर प्रदर्शन करना चाहिए। हम क्रिकेट खेलते ही इसलिए हैं, क्योंकि मुश्किल परिस्थितियों में हमें प्रदर्शन करना और दबदबा बनाना होता है। हमें पिछली नाकामियों को भूलकर अब अपना फ़ोकस आने वाले मैचों पर करना होगा।"

September 9th 2026, 7:56 am
اقرأ على الموقع الرسمي

0 comments
Write a comment
Get it on Google Play تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا