Get it on Google Play تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا اقرأ على الموقع الرسمي

पाक को 55 रनों पर समेटकर भारतीय महिला टीम हुई 7 विकेट से विजयी

समाचार


INDvsPAK भारत ने शनिवार को यहां महिला एशिया कप टी20 के मुकाबले में पाकिस्तान को 68 गेंद शेष रहते सात विकेट से हरा दिया।पाकिस्तान को महज 55 रन पर समेटने के बाद भारत ने 8.4 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। 

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपने 150वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में कप्तानी करते हुए नाबाद 18 रन की पारी खेली। दीप्ति शर्मा ने नाबाद 12 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना ने भी 12 रन का योगदान दिया।पाकिस्तान की ओर से कप्तान फातिमा सना ने तीन विकेट चटकाए।

बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी और लेग स्पिनर प्रेमा रावत की घातक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिये जिससे भारत ने महिला एशिया कप टी20 के ग्रुप-ए मुकाबले में उनकी पारी को 18.1 ओवर में महज 55 रन पर समेट दिया। चरणी ने चार ओवर में सिर्फ सात रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि प्रेमा ने चार ओवर में नौ रन देकर तीन विकेट लिए। दीप्ति शर्मा ने 3.1 ओवर में पांच रन देकर दो विकेट झटके तो वहीं शेफाली वर्मा को एक सफलता मिली।

यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान महिला टीम का अब तक का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले उसका न्यूनतम स्कोर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 56 रन था।अपने 200वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने पहले चार ओवर में बिना विकेट खोए 27 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की। मुनीबा अली को दो जीवनदान मिलने के बावजूद वह 13 रन ही बना सकीं जबकि शवाल जुल्फिकार ने 14 रन का योगदान दिया।

Bowlers dominate as India cruise to victory over Pakistan in the Asia Cup 2026 

: @ACCMedia1

: https://t.co/1qavRT9yQG pic.twitter.com/M3Khpvsl6i

— ICC (@ICC) September 5, 2026
इसके बाद पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका।टी20 अंतरराष्ट्रीय में बतौर कप्तान अपना 150वां मैच खेल रहीं हरमनप्रीत कौर ने पिच से स्पिनरों को मिल रही मदद को भांपते हुए पांचवें ओवर से ही फिरकी का जाल बिछा दिया।

उनका यह दांव पूरी तरह सफल रहा। पाकिस्तान ने पांचवें से 10वें ओवर के बीच महज नौ रन जोड़े और छह विकेट गंवा दिए। 10 ओवर के बाद उसकी टीम 36 रन पर छह विकेट के संकट में थी।भारतीय गेंदबाजों ने शानदार अनुशासन का परिचय देते हुए 18.1 ओवर में कुल 78 डॉट गेंदें फेंकीं।

सलामी बल्लेबाज मुनीबा रन बनाने के लिए जूझ रही थीं। शेफाली की गेंद पर जगह बनाने के लिए वह लेग स्टंप की ओर खिसकीं, लेकिन गेंद को पूरी तरह चूक गईं और बोल्ड हो गईं। इसके बाद पाकिस्तान की पारी का हाल कुछ ऐसा रहा मानो बल्लेबाज ‘तू चल, मैं आई’ की तर्ज पर क्रीज पर आ रहे हों।

इसके बाद श्री चरणी ने पिच से मिल रहे टर्न और उछाल का भरपूर फायदा उठाया। गुल फिरोजा खाता खोले बिना आउट हुईं। उन्होंने गेंद के टर्न के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन शॉर्ट थर्ड पर कैच दे बैठीं। जुल्फिकार स्वीप खेलने से चूक गईं और पगबाधा आउट हो गईं।

आयशा जफर सिर्फ दो रन बना सकीं। उन्होंने दबाव से निकलने के प्रयास में मिड-ऑन पर हरमनप्रीत कौर को आसान कैच दे दिया। सदफ शमास ने तीन रन बनाए, लेकिन प्रेमा की सीधी गेंद पर स्टंप्स को निशाना बनाकर की गई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकीं।

पाकिस्तान की सबसे बड़ी उम्मीद कप्तान फातिमा सना भी खाता नहीं खोल सकीं। दीप्ति शर्मा की शानदार ऑफ स्पिन गेंद सीधे उनके पैड पर लगी और अंपायर ने पगबाधा करार दिया। गेंद लेग-मिडिल स्टंप को लगती नजर आ रही थी।

ऐमान फातिमा (पांच) और उम्म-ए-हानी (6) के बीच तालमेल की कमी से पाकिस्तान को एक और झटका लगा। गलतफहमी के कारण फातिमा नॉन-स्ट्राइकर छोर पर रन आउट हो गईं। इसके बाद उम्म-ए-हानी भी खराब स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो गईं।

September 5th 2026, 3:09 pm
اقرأ على الموقع الرسمي

0 comments
Write a comment
Get it on Google Play تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا