जोधपुर – शिकारपुरा में ‘मरू निनाद’ प्रांत घोष शिविर का शुभारम्भ
VSK Bharat
भारत की आत्मा है संगीत और लोक वाद्य – विजयानंद
जोधपुर/शिकारपुरा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पथ संचलनों में संगीत की मधुर स्वरलहरियां बिखेरने वाले घोष वादक स्वयंसेवकों का एक शिविर जोधपुर के शिकारपुरा में शुरू हुआ। शिकारपुरा में ‘मरूनिनाद’ प्रांत घोष शिविर (वि.सं. २०८३) गुरुवार से शुरू हुआ। घोष शिविर में पारंपरिक और लोक वाद्य यंत्रों की विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन 13 अक्तूबर शुक्रवार को राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निंबाराम ने किया।
शिविर के शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्र प्रचारक निंबाराम, प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा, प्रांत प्रचारक विजयानंद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन अवसर पर प्रांत प्रचारक विजयानंद ने कहा, “घोष जैसे शंख, ढोल, रणभेरी, वंशी आदि केवल संगीत का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह वीरता, पराक्रम और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक हैं। शिविर का उद्देश्य स्वयंसेवकों में भारतीय संस्कृति और पारंपरिक वाद-यंत्रों के माध्यम से ऊर्जा, उत्साह और विजय का संचार करना है। देश और समाज को एक सूत्र में पिरोकर एक दिशा में आगे बढ़ाना ही लक्ष्य है। साथ ही लोक वाद्य हमारी संस्कृति की पहचान और अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ-साथ इस पारंपरिक कला को जीवित रखना युवाओं का कर्तव्य है, इसलिए युवाओं को इसी सेवा और समर्पण के भाव से इन्हें सीखना चाहिए। भारत की आत्मा संगीत और लोक वाद्य है । इसके संरक्षण हेतु सभी प्रयास होने चाहिए”।
सजा राजाराम आश्रम
मरूनिनाद घोष शिविर की तैयारियां पिछले कई दिनों से जारी थी। आयोजन स्थल शिकारपुरा स्थित राजाराम आश्रम शिविर परिसर को भारतीय परिवेश के अनुरूप सजाया-संवारा गया। जगह-जगह रंगोलियां बनाई गई हैं। साथ ही दूधिया रोशनी की गई है। इसके अलावा स्वागत द्वार, बौद्धिक कक्ष, प्रदर्शनी स्थल आदि भी भव्य रूप से सजाए गए हैं। इसके अतिरिक्त आयोजन स्थल पर अलग अलग सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए।
शिविर में 5000 से अधिक घोष वादक स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। इनके 4 दिन के आवास के लिए 4 बड़े आवासीय परिसर बनाए गए हैं, जिन्हें क्रमशः किशन भैया नगर, गोपीचंद अरोड़ा नगर, सुबु श्रीनिवासन नगर और ललितेश नगर नाम दिया गया है। प्रत्येक नगर में 1250 से अधिक घोष शिविरार्थियों के रहने की व्यवस्था की गई है।
घोष वादकों की संख्या की दृष्टि से भी यह मरू निनाद घोष शिविर संघ दृष्टि से अब तक के सबसे बड़े आवासीय शिविर में शामिल हो गया है। करीब 5000 से अधिक शिविरार्थी इसमें भाग ले रहे हैं। इन सभी के भोजन की व्यवस्था हेतु भव्य भोजनशाला का निर्माण किया गया है, जहां एक बार में सैकड़ों व्यक्ति बैठकर भोजन कर सकते हैं। आटा गूंथने से लेकर रोटी सेकने तक की प्रक्रिया के सभी कार्य आधुनिक मशीन की सहायता से संपन्न हो रहा है। इसके अलावा रसोईयों की बड़ी टीम आयोजन स्थल पर सुबह का चाय नाश्ता, दिन का भोजन और रात्रि भोजन की व्यवस्थाओं में जुटी हुई है।
वाद्य यंत्रों की प्रदर्शनी का शुभारम्भ
‘मरूनिनाद’ प्रांत घोष शिविर (वि.सं. २०८३) में पारंपरिक और लोक वाद्य यंत्रों की विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन क्षेत्र प्रचारक निंबाराम जी ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। रूपायन संस्थान, जोधपुर (पद्मभूषण कोमल कोठारी द्वारा स्थापित) के सहयोग से आयोजित प्रदर्शनी में राजस्थान की समृद्ध लोक संगीत परंपरा को दर्शाते हुए दुर्लभ वाद्य यंत्रों का संग्रह प्रदर्शित किया गया है —
* तत वाद्य (तार वाले): रावणहत्था, सुरिंदा, अपंग, भपंग, चिकारा (मेव), जोगिया सारंगी और गुजरातन सारंगी।
* सुषिर वाद्य (फूंक वाले): शंख, अलगोजा, नागफणी, बांकिया, सिंगी और शहनाई।
* अवनद्ध वाद्य (चर्म मढ़े): ढोल, ढोलक, ताशा, मांदल और नगाड़ा।
* घन वाद्य (धातु व काष्ठ): खड़ताल, मोरचंग, डांडिया, घुंघरू और झांझ।
इसके साथ ही प्रदर्शनी स्थल पर राजस्थानी कठपुतलियों और लोक कलाकारों के दुर्लभ छायाचित्रों के माध्यम से लोक संस्कृति की जीवंत झांकी प्रस्तुत की गई है। दीर्घा में संघ शताब्दी वर्ष के निमित्त ‘पंच परिवर्तन’ – स्व का बोध, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक शिष्टाचार – को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी को लेकर शिविरार्थियों के साथ-साथ स्थानीय आमजन में भी भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
The post जोधपुर – शिकारपुरा में ‘मरू निनाद’ प्रांत घोष शिविर का शुभारम्भ appeared first on VSK Bharat.
تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا
اقرأ على الموقع الرسمي

تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا