Get it on Google Play تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا اقرأ على الموقع الرسمي

प्राचीन काल से सामाजिक समरसता ही सिंहस्थ कुम्भ का केंद्र बिन्दु रहा – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी

VSK Bharat

650 गांवों के 6500 जनजातीय बंधुओं के सहभाग से गोदा-आरती का विश्व रिकॉर्ड

‘कुम्भ गीत’, आधिकारिक वेबसाइट एवं विशेष डाक टिकटों का हुआ विमोचन

नासिक, ३१ अक्टूबर २०२६।

“पवित्र नासिक नगरी को मेरा प्रणाम!” – मराठी भाषा के आत्मीय और हृदयस्पर्शी शब्दों के साथ भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने संपूर्ण नासिकवासियों का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा – “भारतीय जनमानस के मन में रची-बसी अगाध श्रद्धा और सामाजिक समरसता ही प्राचीन काल से सिंहस्थ कुम्भ मेले के केंद्र बिंदु में रही है। सिंहस्थ कुम्भ मेला भारतीय मूल्य-परंपराओं को एक एकात्म सूत्र में पिरोने का महान कार्य करता है। नासिक जिले के 650 जनजातीय गांवों के 6500 जनजातीय बंधुओं के अभूतपूर्व सहभाग से संपन्न हुए विश्व-विक्रमी गोदावरी महाआरती समारोह को संबोधित किया।

राष्ट्रपति जी ने कहा, “नासिक एवं त्र्यंबकेश्वर की इस पावन धरा को महान धार्मिक और ऐतिहासिक परंपरा प्राप्त है। यहां के सिंहस्थ कुम्भ पर्व का प्रामाणिक विवरण सम्राट हर्षवर्धन के काल में आए चीनी यात्री ह्वेनसांग के यात्रा वृत्तांत में भी मिलता है, यह परंपरा इतनी प्राचीन और गौरवशाली है। भगवान श्री त्र्यंबकेश्वर और प्रभु श्रीराम की तपोभूमि से लेकर छत्रपति शिवाजी महाराज के मावलों के पराक्रम की साक्षी साल्हेर दुर्ग, स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की जन्मभूमि व कर्मभूमि, क्रांति की ज्वाला जलाने वाले चाफेकर बंधुओं जैसी हुतात्माओं की जाज्वल्य विरासत, दादासाहेब पोतनीस जैसे स्वतंत्रता सेनानी, महात्मा ज्योतिराव फुले एवं भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा महाराष्ट्र की भूमि पर रची गई सामाजिक क्रांति तथा शिक्षा का दृष्टिकोण… इन अनेक अर्थों में नासिक का गौरव अद्वितीय है”।

सिंहस्थ कुम्भ : समरसता और श्रद्धा का महासंगम

समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा, “सिंहस्थ कुम्भ मेला भारत के विशालतम धार्मिक आयोजनों में से एक है, जो जाति, पंथ अथवा सामाजिक विषमताओं से परे उठकर सभी को अध्यात्म के एक सूत्र में बांधने वाला श्रद्धा का महासंगम है।” उन्होंने कुम्भ मेले को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए माँ गोदावरी की स्वच्छता को प्राथमिकता देने के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं से भी सक्रिय योगदान का आह्वान किया।

जनजातीय समाज ने सहेजी सनातन संस्कृति

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “हमारी सनातन संस्कृति अनादि और अनंत है। अगाध महासागर की भांति प्रवाहित इस संस्कृति की विविध अभिव्यक्तियों का दिव्य संगम यानी कुम्भ पर्व है। महागोदा आरती में ६,५०० जनजातीय बंधुओं का सहभाग यह सिद्ध करता है कि सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में हमारे जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय है।” उन्होंने आगामी सिंहस्थ कुम्भ पर्व को अत्यंत भव्य, दिव्य और सुंदर बनाने के साथ नासिक एवं त्र्यंबकेश्वर के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया। “शासन की भूमिका केवल अवस्थापना और सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित है; इस कुम्भ पर्व के वास्तविक स्वामी हमारे पूज्य साधु-संत एवं महंत ही हैं।”

१२ करोड़ श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए राज्य सरकार तत्पर

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “आगामी सिंहस्थ में विश्वभर से लगभग १२ करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान है, जिनके स्वागत के लिए महाराष्ट्र सरकार पूरी तरह तत्पर है। नासिक-त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में चल रहे लगभग ३५,००० करोड़ रुपये के विकास कार्य इस क्षेत्र के भविष्य को एक नई दिशा देंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कर-कमलों से रामतीर्थ और कुशावर्त तीर्थ पर धर्मध्वजारोहण होना, तपस्वी मातृशक्ति द्वारा संपूर्ण नारीशक्ति के सम्मान का प्रतीक है।

कुम्भ गीत, वेबसाइट एवं विशेष डाक टिकटों का विमोचन

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने सिंहस्थ कुम्भ मेला प्राधिकरण द्वारा तैयार अधिकृत ‘कुम्भ गीत’ एवं ‘वेबसाइट’ का आधिकारिक लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त, नासिक के रामतीर्थ एवं त्र्यंबकेश्वर के कुशावर्त तीर्थ पर आधारित विशेष डाक टिकटों का विमोचन भी राष्ट्रपति ने किया। रामचंद्र जायभावे ने यह विशेष डाक टिकट राष्ट्रपति महोदया को भेंट किया।

The post प्राचीन काल से सामाजिक समरसता ही सिंहस्थ कुम्भ का केंद्र बिन्दु रहा – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी appeared first on VSK Bharat.

November 1st 2026, 11:31 pm
اقرأ على الموقع الرسمي

0 comments
Write a comment
Get it on Google Play تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا