Get it on Google Play تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا اقرأ على الموقع الرسمي

जयपुर – गोबर-पराली से बनी ‘गोमय समिधा’ को राष्ट्रीय पेटेंट, हर साल बचेंगे 2 करोड़ पेड़

VSK Bharat

जयपुर। पराली जलाने से उठने वाला धुआं और अंतिम संस्कार के लिए पेड़ों की कटाई… पर्यावरण के सामने खड़ी इन दो बड़ी चुनौतियों का समाधान अब गाय के गोबर और पराली से तैयार ‘गोमय समिधा’ से होगा। जयपुर के डॉ. सीताराम गुप्ता और अदिति गुप्ता की पहल को राष्ट्रीय पेटेंट मिल गया है। इस तकनीक के व्यापक उपयोग से हर साल करीब 2 करोड़ पेड़ों को कटने से बचाया जा सकेगा और 90 लाख टन कार्बन डाईऑक्साइड उत्सर्जन रोकने में मदद मिल सकती है। अभियान को भारत सरकार की ओर से 15 लाख रुपये की ग्रांट भी मिली है।

कोरोना काल में लकड़ियों की कमी के कारण अंतिम संस्कार में आई मुश्किलों ने डॉ. सीताराम गुप्ता और अदिति गुप्ता को विकल्प तलाशने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने देसी गाय के गोबर, पराली और वैदिक हवन सामग्री को मिलाकर लकड़ी का जैविक विकल्प तैयार किया। इसे ‘गोमय समिधा’ नाम दिया गया। विशेष बात यह कि इसके उत्पाद और निर्माण प्रक्रिया, दोनों को राष्ट्रीय पेटेंट मिला है।

लकड़ी की जगह गोमय समिधा से वैदिक संस्कार

पारंपरिक दाह संस्कार में एक शव के लिए करीब 400 से 500 किलो लकड़ी की जरूरत होती है। गोमय समिधा लकड़ी का विकल्प बन सकती है। इससे वैदिक रीति से अंतिम संस्कार संपन्न किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को बनाए रखते हुए पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

नीरी के साथ विकसित की नेट जीरो चिमनी

अभियान को वैज्ञानिक आधार देने के लिए सीएसआईआर-नीरी, नागपुर का सहयोग मिला है। नीरी और गोमय परिवार ने मिलकर विशेष फिल्टर चिमनी तैयार की है। इसका उद्देश्य अंतिम संस्कार के दौरान निकलने वाली सूक्ष्म राख और कार्बन कणों को अवशोषित कर प्रदूषण कम करना है। इसे नेट जीरो मोक्षधाम की अवधारणा के तहत विकसित किया गया है।

गोमय समिधा के तकनीकी परीक्षण और लैब मानकों को प्रमाणित करने में एमएनआईटी के एमआईआईसी हेड प्रो. मोनिका शर्मा और डॉ. संजय गौड़ का सहयोग रहा। पेटेंट की कानूनी और तकनीकी प्रक्रिया में रोहित जैन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जयपुर के 11 मोक्षधामों में निःशुल्क संस्कार

इस पहल को जयपुर में प्रयोग के तौर पर शुरू किया गया। नगर निगम जयपुर के साथ एमओयू के तहत 11 मोक्षधाम गोद लिए गए हैं। यहां अब तक सैकड़ों अंतिम संस्कार गोमय समिधा से निःशुल्क संपन्न कराए जा चुके हैं। इस मॉडल के जरिए पर्यावरण संरक्षण के साथ आमजन को आर्थिक राहत देने का भी प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. सीताराम गुप्ता के अनुसार, यह पेटेंट केवल एक उत्पाद की उपलब्धि नहीं, बल्कि गौ-सेवा, सनातन परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय का परिणाम है। उनका कहना है कि जब आस्था पर्यावरण संरक्षण का माध्यम बनती है, तो समाज की भागीदारी से बड़े बदलाव संभव होते हैं।

The post जयपुर – गोबर-पराली से बनी ‘गोमय समिधा’ को राष्ट्रीय पेटेंट, हर साल बचेंगे 2 करोड़ पेड़ appeared first on VSK Bharat.

November 6th 2026, 7:11 am
اقرأ على الموقع الرسمي

0 comments
Write a comment
Get it on Google Play تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا