Get it on Google Play تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا اقرأ على الموقع الرسمي

स्वामी गोविंददेव गिरी जी होंगे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री

VSK Bharat

सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र की मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में नियुक्ति

अयोध्या धाम, २ सितंबर, २०२६।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र के न्यासियों की बैठक आज भाद्रपद कृष्णा पंचमी, २०८३, बुधवार, २ सितंबर, २०२६ को अयोध्या में सम्पन्न हुई। बैठक में न्यासी मंडल में रिक्त स्थानों की पूर्ति, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सी ई ओ) की नियुक्ति, वर्ष २०२५-२६ के वार्षिक लेखों का अनुमोदन आदि सहित विशेष जांच दल द्वारा जांच की प्रगति, उच्चतम न्यायालय में इस विषय पर अद्यतन जानकारी पर चर्चा के साथ ही महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

न्यासियों ने उच्चतम न्यायालय में कथित वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में प्रविष्ट याचिका पर न्यायालय द्वारा पारित आदेश का संज्ञान लिया, जिसमें जांच का क्षेत्र – कालखंड और विषय दोनों को विस्तृत किया गया है। न्यास ने आदेश का स्वागत किया, जिससे सत्य प्रकाशित हो सके और जन-मन से भ्रम का निवारण हो सके।

तीर्थक्षेत्र की ओर से बताया गया कि चढ़ावे की नगद राशि की गणना की प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम करने के निमित्त किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा हुई। दो बैंकों और आईआईटी से इस संबंध में कुछ प्रस्ताव मिले हैं, जिनका मूल्यांकन कर शीघ्र ही तकनीक की सहायता से इस दिशा में प्रगति हो सकेगी।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी का चयन करने के निमित्त गठित समिति की अनुशंसा पर चर्चा के पश्चात न्यास ने सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र का चयन करते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। आशा है कि वे शीघ्र ही अपना कार्यभार संभाल लेंगे। जितेंद्र मिश्र को भारतीय वायु सेना में विभिन्न विभागों में ३९ वर्ष कार्य करने और नेतृत्व का लंबा अनुभव है। उन्हें सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल का पुरस्कार मिला है जो सशस्त्र सेनाओं में सर्वोच्च मेडल है।

न्यासी मंडल ने चयन समिति के सदस्यों न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी, सुरेश हावड़े और समिति के सचिव समीर पंडा के प्रति अल्पकाल में साढ़े पाँच हजार आवेदनों की जांच और सैकड़ों आवेदकों का साक्षात्कार कर इस महती कार्य को सम्पन्न करने के लिए आभार व्यक्त किया।

बैठक में तीन न्यासियों के रिक्त स्थानों पर नियुक्ति पर विचार कर तीन नवीन न्यासी नियुक्त किए गए। महेश भागचंदका जी, मदनमोहन पांडे जी और डॉ. निर्मला यादव जी।

न्यास ने पदाधिकारियों के दायित्व पर भी चर्चा की। तदनुसार स्वामी गोविंददेव गिरि जी अब महामंत्री होंगे। महेश भागचंदका जी कोषाध्यक्ष का दायित्व संभालेंगे। न्यासी मंडल ने कठिन एवं चुनौतीपूर्ण अवधि में महामंत्री पद का कार्यभार सफलतापूर्वक निर्वहन करने हेतु कृष्ण मोहन जी की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया।

नवीन न्यासियों का संक्षिप्त परिचय

  1. महेश भागचंदका

स्नातक, आयु ६८ वर्ष, व्यवसायी, समाजसेवी, नई दिल्ली

– पुस्तक ‘हिन्दुत्व के पुरोधा’ के लेखक

– श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के भूमि-पूजन और प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रमों में यजमान की भूमिका में अनुष्ठानों में सहभागिता

– श्रीराम वन गमन यात्रा से जुड़े २९२ पवित्र तीर्थस्थलों में श्रीराम स्तम्भ की स्थापना में संलग्न

– वर्ल्ड हिन्दू इकनॉमिक फोरम की कार्यकारिणी के सदस्य

२. मदन मोहन पांडे

विधि स्नातक, आयु ७४ वर्ष, अधिवक्ता, अयोध्या छावनी

– अधिवक्ता परिषद उत्तरप्रदेश प्रांत में पदाधिकारी

– श्री राम जन्मभूमि मंदिर मामले में १९९० से २०१९ तक उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में पैरवी,  श्री रामलला विराजमान और पूज्य महंत श्री रामचंद्र परमहंस दास जी की ओर से।

– उ.प्र. के अतिरिक्त महाधिवक्ता का दायित्व – ६ वर्ष

– श्री हरि सत्संग समिति के उपाध्यक्ष और अयोध्या में कथाकार योजना प्रशिक्षण केंद्र के पालक

– शिशु मंदिर अयोध्या जनपद की स्थायी समिति के अध्यक्ष

३. डॉ. निर्मला यादव

परास्नातक (हिन्दी एवं संस्कृत), पी.एचडी, आयु ६६ वर्ष, शिकोहाबाद (उ.प्र.)

– १९ वर्ष महाविद्यालय प्राचार्या का दायित्व, अब सेवानिवृत

– पी. एचडी थीसिस और एमए की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का अनुभव

– 15 वर्ष तक विश्वविद्यालय की कार्य परिषद की सदस्या

The post स्वामी गोविंददेव गिरी जी होंगे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री appeared first on VSK Bharat.

September 3rd 2026, 12:20 pm
اقرأ على الموقع الرسمي

0 comments
Write a comment
Get it on Google Play تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا