T20 इतिहास के सबसे युवा कप्तान बने वैभव सूर्यवंशी, 15 साल की उम्र में किया कारनामा
समाचार
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार को इंदौर में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ बिहार की कप्तानी करते हुए पुरुष टी20 क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा कप्तान बनने का रिकॉर्ड बनाया।
सूर्यवंशी ने 15 साल और 232 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने सात अगस्त 2025 को साइप्रस के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 17 साल और 311 दिन की उम्र में अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी की थी।हालांकि इस मुकाबले में सूर्यवंशी बल्ले से खास योगदान नहीं दे सके। उन्होंने 12 गेंद में 18 रन बनाए और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया की गेंद पर उन्हीं को कैच दे बैठे।
गौरतलब है कि धनतेरस पर ही बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के बिहार के शुरुआती दो मैचों के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की थी।
बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को कप्तान नियुक्त किया गया था। जबकि सूरज कश्यप उप-कप्तान के रूप में नियुक्त हुए थे। यह पहली बार है जब वैभव बिहार की सीनियर टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर चयन समिति ने खिलाड़ियों के ट्रायल और पिछले प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद टीम को अंतिम रूप देने के लिए 6 नवंबर 2026 को बैठक की। बैठक में चयन समिति के अध्यक्ष हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय उपस्थित थे, जबकि चयनकर्ता एस. सारथ ने टेलीफोन पर भाग लिया। 4 से 6 नवंबर तक आयोजित ट्रायल और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद टीम को अंतिम रूप दिया गया।
17 सदस्यीय बिहार टीम में वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, सूरज कश्यप (उप-कप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मंगल माहौर और शाकिब हुसैन का चयन उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। चयन समिति के निर्णय के अनुसार, पहले दो मैचों के बाद उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा, जिसके बाद टीम के लिए उनकी उपलब्धता के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
निम्नलिखित खिलाड़ियों को स्टैंडबाय के रूप में नामित किया गया है: बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव।
تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا
اقرأ على الموقع الرسمي

تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا