चंडीगढ़ में बब्बर खालसा के आतंकी मॉड्यूल का खुलासा; हथियारों के साथ बब्बर खालसा के 3 आतंकी गिरफ्तार
VSK Bharat
पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित खालिस्तानी आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चंडीगढ़ में बब्बर खालसा के तीन आतंकियों को भारी मात्रा में विस्फोटक व हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। दूसरी ओर अमृतसर में ड्रोन से आई दस पिस्तोल भी बरामद की हैं।
बीती रात चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर-43 अंतरराज्यीय बस अड्डे के पीछे एक संदिग्ध बैग से पांच किलो जिलेटिन की छड़ें, विस्फोटक और हथियार बरामद कर बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनका संबंध बब्बर खालसा इंटरनेशनल नामक प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन से है। यह आतंकी विदेश में बैठे सतनाम सिंह उर्फ सत्ता नामक आतंकी के इशारों पर काम करते हैं।
आरोपियों की पहचान तरनतारन निवासी लवप्रीत सिंह (19), जसनप्रीत सिंह उर्फ जसनदीप (21) और अमृतसर निवासी प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सूचना के आधार पर रविवार दोपहर को ऑपरेशन सेल ने कार्रवाई की। बैग की तलाशी में टिफिन बॉक्स में संदिग्ध आईईडी मिला। बम निरोधक दस्ते और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर सामग्री को कब्जे में लिया। जांच में आईईडी सक्रिय नहीं मिला।
बाद में बैग से करीब पांच किलो जिलेटिन छड़ें, डेटोनेटर, रिमोट से संचालित उपकरण, पिस्टल, मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने सेक्टर-36 थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4(बी) और 5 के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले की आगे की जांच चंडीगढ़ पुलिस की आपरेशन सेल कर रही है। केंद्रीय एजेंसी के साथ समन्वय में की गई कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एक संभावित बड़े आतंकी खतरे को टालने में महत्वपूर्ण रही है। मामले में गिरफ्तार आरोपितों की कथित भूमिका, विदेशी संपर्कों, संभावित लक्ष्य और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
अमृतसर में 10 पिस्तौल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पंजाब को नशा और हथियार मुक्त बनाने के अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अत्याधुनिक पिस्तौल, मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर के संपर्क में थे और सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप हासिल कर रहे थे।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह पुत्र इकबाल सिंह और गुरप्रीत सिंह पुत्र गुलजार सिंह, दोनों निवासी गांव हवेलियां, तरनतारन के रूप में हुई है।
बरामद हथियारों में नौ 9 एमएम पिस्तौल और एक 30 बोर पिस्तौल शामिल है। पुलिस ने हथियारों की ढुलाई के लिए इस्तेमाल किया जा रहा बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (पीबी-38-सी-1658) भी जब्त किया है।
सीआई अमृतसर को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे अपने हैंडलर के निर्देश पर भारत-पाकिस्तान सीमा के पास गांव हवेलियां क्षेत्र में ड्रोन के जरिए हथियारों की बड़ी खेप हासिल कर चुके हैं। वे हथियारों को पंजाब में किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अमृतसर-अटारी जीटी रोड पर गांव खासा के नजदीक नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 10 पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद हुए।
राकेश सैन
The post चंडीगढ़ में बब्बर खालसा के आतंकी मॉड्यूल का खुलासा; हथियारों के साथ बब्बर खालसा के 3 आतंकी गिरफ्तार appeared first on VSK Bharat.
تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا
اقرأ على الموقع الرسمي

تحميل تطبيق نبأ للآندرويد مجانا